Sunday, September 9, 2018

आस्था का केंद्र राजराजेश्वरी दुर्गा मंदिर महरछा


राजमणि त्रिपाठी
 आदि शक्ति हैं माँ दुर्गा । माँ भगवती के अनेक रूप और नाम हैं । भक्त इन्हीं स्वरूपों  के विभिन्न नामों से पूजा, अर्चना करते हैं । माँ भगवती का एक नाम राजराजेश्वरी भी है। इनका स्वरूप मोहक एवं  आकर्षक है। इलाहाबाद जिले  में वरूणा तट पर स्तिथ महरछा, रध्ईपुर गांव  में राजराजेश्वरी दुर्गा मां का विशाल एवं भव्य मंदिर है,जो भक्तों की आस्था का केंद्र बन गया है।
 राजराजेश्वरी देवी माँ का दर्शन करने के लिए  23 सीढियां चढ़नी पडती हैं । माँ राजराजेश्वरी सिंह पर सवार हैं और आठ भुजाओं वाली हैं। इनकी प्रतिमा अत्यंत मनमोहक और आकर्षक है। प्रतिमा करीब 9  कुन्तल की है। रात में  मंदिर की सजावट भक्तों का मन मोह लेती है। इनके दर्शन के  लिए  भक्त दूर दूर से आते हैं। अब माँ राजराजेश्वरी का यह मंदिर भक्तों की आस्था और विश्वास का केंद्र बन गया है। यहां  नवरात्र और हर मंगलवार को  भक्तों की अपार भीड़ होती है। वैसे रोज सुबह से ही दर्शनाथियों का आना जाना लगा रहता है।
पंडित ठाकुर प्रसाद चेरिटेबल न्यास द्वारा संचालित यह मंदिर करीब 55 फिट ऊँचा है। पूरी तरह मार्बल से निर्मित इस मंदिर के संस्थापक हैं राजमणि  त्रिपाठी।  मंदिर का निर्माण तीन वर्षों के अथक प्रयास से माँ दुर्गा की कृपा से हुआ । मंदिर का एक अपना इतिहास है। इस मंदिर के निर्माण के लिए जगह ही नहीं मिल पा रही थी। करीब 7 वर्षों की कोशिश के बाद जगह मिली और मंदिर का निर्माण हो गया। बताते हैं कि राजमणी त्रिपाठी का यह सपना उनके ही सतत प्रयास का परिणाम है। इस मंदिर के निर्माण में उन्होंने "तेरा तुझको अर्पण, क्या लागे मेरा"  की तर्ज पर अपना सब कुछ न्योछावर कर दिया। राजमणि त्रिपाठी का कहना है कि माँ की कृपा और आशीर्वाद से ही मंदिर का निर्माण संभव हो पाया। बहरहाल मंदिर की भव्यता को देखकर  भक्त मनमुग्ध हो जाते हैं। माँ के इस पवित्र धाम में नियमित पूजा ,अर्चना होती है। पूजा के लिए  पुजारियों की नियुक्ति की गई है। प्रतिदिनं सुबह  शाम माँ भगवती की आरती होती है। दोपहर में भोग लगता है। पुजारी शशिकांत पांडे मां की सेवा मंदिर की देखरेख व्यवस्थित तरीके से करते हैं। मंगलवार की मध्यान्ह आरती आकर्षण का केंद्र होती है। भक्त माँ के दरबार में विशेष  धार्मिक अनुष्ठान करते हैं।
  न्यास बोर्ड के अलावा मंदिर की  देखरेख के लिए प्रबंध समिति है। प्रबंध समिति के सदस्य अहक नारायण, महेंद्र शुक्ल, विजयशंकर तिवारी ,सुशील कुमार त्रिपाठी , सुधीर  ,निर्मल और अनिल त्रिपाठी उर्फ़  गोरे, दशरथ शुक्ल , आनंद शुक्ल और पिंटू शुक्ल   देखरेख में तत्पर रहते हैं। मंदिर प्रशासक के रूप में सुधीर त्रिपाठी  कार्यरत हैं । मंगलवार मेले के दिन विशेष  व्यवस्था की जाती है । शनिवार को श्री रामचरित मानस के सुंदरकांड का पाठ होता है। भक्तों का कहना है कि माँ राजराजेश्वरी हर लोगों को मनवांछित फल देती हैं । अब लोग यहां मन्नत मानते हैं और जगदम्बा उनकी मुराद पूरी करती हैं। भक्तों में महिलाएं ,पुरूष, बच्चे ,बुजुर्ग सभी का समावेश होता है। मुराद पूरी होने पर भक्त गाजे बाजे और निशान के साथ माँ राजराजेश्वरी के दर्शन के लिए आते हैं। यही नहीं लोग अपनी मन्नत के अनुसार मंदिर में अनेक धार्मिक अनुष्ठान करवाते हैं।
 माँ भगवती के इस मंदिर में चैत और क्वार के अलावा स्थापना दिवस को विशाल भंडारा का आयोजन किया जाता है। स्थापना दिवस प्रत्येक २ मार्च को उत्साह और हर्षोल्लास से मनाया जाता है। मंदिर में माँ दुर्गा की प्राण प्रतिष्ठा का यह चौथा वर्ष है  प्राण प्रतिष्ठा २ मार्च १९१५ को हुई थी।  इस वर्ष भी २ मार्च को स्थापना दिवस मनाया जाएगा। कोई भी भक्त आस्था और तन ,मन और धन से भंडारा में शामिल हो सकता है।  भक्तों की हर मुराद पूरा करने वाली माँ राजराजेश्वरी दुर्गा माता  आस्था और विश्वास का केंद्र बन गई हैं । दुर्गा शक्तिपीठ रधईपुर के नाम से विख्यात यह पावन और पवित्र स्थल गांव  के धर्ममय वातावरण की कहानी का गवाह बन गया है।


No comments:

Post a Comment